अजित पवार का आज अंतिम संस्कार, हजारों समर्थक अंतिम विदाई को पहुंचे बारामती में कड़े सुरक्षा इंतजाम, राजकीय सम्मान के साथ होगा संस्कार

SHARE:

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के अध्यक्ष अजित पवार का आज बारामती में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। अपने लोकप्रिय नेता को अंतिम विदाई देने के लिए सुबह से ही हजारों समर्थक बारामती पहुंच रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पूरे इलाके में कड़े इंतजाम किए गए हैं।

अजित पवार की मौत 28 जनवरी की सुबह एक दर्दनाक विमान हादसे में हो गई थी। वह मुंबई से बारामती जा रहे थे, तभी बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान उनका निजी चार्टर्ड विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में अजित पवार समेत कुल पांच लोगों की मौत हुई।

पीएम मोदी के आने की संभावना, अमित शाह होंगे शामिल

अंतिम संस्कार में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शामिल होने की पुष्टि हो चुकी है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी बारामती पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। हादसे के बाद डीजीसीए ने दुर्घटना के कारणों की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) की विशेषज्ञ टीम दुर्घटनास्थल पर पहुंचकर फोरेंसिक जांच कर रही है।

चुनाव प्रचार के लिए जा रहे थे अजित पवार

महाराष्ट्र की राजनीति में ‘दादा’ के नाम से मशहूर 66 वर्षीय अजित पवार बुधवार सुबह करीब 8:10 बजे मुंबई से पुणे जिले के बारामती के लिए रवाना हुए थे। उन्हें 5 फरवरी को होने वाले स्थानीय निकाय चुनावों के लिए चार जनसभाओं को संबोधित करना था।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अनुसार, सुबह करीब 8:44 बजे बारामती एयरपोर्ट पर उतरते समय निजी चार्टर्ड विमान लियरजेट-45 (VT-SSK) रनवे के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया और उसमें आग लग गई। बताया गया है कि यह विमान करीब 16 साल पुराना था।

हादसे में ये लोग भी हुए शिकार

इस दुर्घटना में विमान के कैप्टन सुमित कपूर, को-पायलट कैप्टन शाम्भवी पाठक, अजित पवार के पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर विदित जाधव और फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली की भी मौत हो गई। अजित पवार के शव की पहचान उनकी कलाई में पहनी घड़ी से की गई। धमाके के तुरंत बाद इमरजेंसी टीमें मौके पर पहुंच गईं और मलबा रनवे के बाईं ओर पाया गया।

विद्या प्रतिष्ठान में अंतिम दर्शन

अजित पवार की पार्थिव देह को अंतिम दर्शन के लिए बारामती स्थित विद्या प्रतिष्ठान में रखा गया है। यह वही शैक्षणिक संस्थान है, जिसे अजित पवार ने स्वयं विकसित किया था। आठ बार विधायक और एक बार सांसद रह चुके अजित पवार का जाना महाराष्ट्र की राजनीति के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी बारामती पहुंचे और अजित पवार की मौत को अविश्वसनीय बताया। उन्होंने कहा कि उन्होंने एक अच्छे मित्र को खो दिया है।

पहले भी हादसे का शिकार रहा है लियरजेट-45

गौरतलब है कि इससे पहले 14 सितंबर 2023 को भी लियरजेट-45 एक्सआर विमान मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। उस समय भारी बारिश और खराब दृश्यता के कारण हादसा हुआ था, हालांकि सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए थे।

 

Kinni Times
Author: Kinni Times

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *